(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद/राजिम। राजिम थाना क्षेत्र के ग्राम पितईबंद में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में घर के सामने लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उत्तम भारती के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक का शव उसके ही घर के सामने पड़ा मिला। मृतक के शरीर पर लोहे की रॉड जैसी किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान दिखाई देने की बात सामने आई है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना बीती रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही राजिम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए रवाना हो गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















