(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद/मैनपुर। गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र में मड़ई मेले के दौरान हुए मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। मामले की गंभीरता से जांच करते हुए गरियाबंद पुलिस ने हत्या के आरोप में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार मृतक आकाश कश्यप (28 वर्ष) निवासी मैनपुर को 1 जुलाई 2026 को मैनपुर मड़ई मेले में भीड़ के दौरान हुई धक्का-मुक्की के बाद कुछ युवकों ने डंडे तथा हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पीटा था। घायल आकाश को आरोपियों ने ही पहले मैनपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर किया गया। उपचार के दौरान 3 जुलाई को उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली गरियाबंद में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया। चूंकि घटना मैनपुर थाना क्षेत्र की थी, इसलिए जांच डायरी मैनपुर थाना भेजी गई। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार उके एवं एसडीओपी ओमप्रकाश कुजूर के मार्गदर्शन में थाना मैनपुर पुलिस ने विशेष जांच शुरू की।

जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सात संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मेले में धक्का लगने के बाद विवाद बढ़ गया था और गुस्से में आकर उन्होंने आकाश कश्यप के साथ मारपीट की।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना मैनपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















