(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी/अंग्रेजी विद्यालय, ध्रुवागुड़ी में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर पालकों का गुस्सा फूट पड़ा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में पालक, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य एवं जनप्रतिनिधि कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय में तत्काल शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय में कई विषयों के शिक्षक पद लंबे समय से रिक्त हैं। इसके कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से कक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से नहीं हो पा रहा है, जिससे बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता और आगामी परीक्षाओं के परिणाम पर भी नकारात्मक असर पड़ने की आशंका है।

पालकों ने प्रशासन से मांग की है कि रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जाए या फिर वैकल्पिक व्यवस्था कर शिक्षण कार्य नियमित कराया जाए। इसके साथ ही विद्यालय के नए भवन में जल्द से जल्द अध्ययन कार्य शुरू कराने की भी मांग रखी गई है।
7 दिन का अल्टीमेटम
शाला प्रबंधन समिति ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई, तो पालक और विद्यार्थी सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। समिति का कहना है कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

अपर कलेक्टर ने दिया आश्वासन
अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे ने पालकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि शिक्षकों की कमी का विषय शासन स्तर का है। ज्ञापन प्राप्त हो गया है और शासन को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया जाएगा। जल्द समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
फिलहाल पालक प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। अब सभी की नजर अगले सात दिनों पर है कि शासन शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















