(संवाद एक्सप्रेस)राजिम। गरियाबंद। धार्मिक नगरी राजिम के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। छत्तीसगढ़ शासन ने राजिम नगर पंचायत को नगरपालिका का दर्जा प्रदान कर दिया है। इस संबंध में अधिसूचना छत्तीसगढ़ राजपत्र में प्रकाशित कर दी गई है, जिसके साथ ही यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान नगर पंचायत राजिम की सीमा ही नगरपालिका क्षेत्र की सीमा होगी। नगर पंचायत के नगरपालिका में उन्नयन से शहर के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

नगरपालिका बनने के बाद राजिम में शहरी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, आधारभूत संरचना का विकास तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के बेहतर और प्रभावी क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे शहर के नागरिकों को भविष्य में अधिक सुविधाएं मिलने की संभावना है।

राजिम को नगरपालिका का दर्जा मिलना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इसे शहर के समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और सकारात्मक कदम बताया है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















