(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। गरियाबंद पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 मवेशियों की तस्करी कर रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 भैंस, 4 पड़वा तथा परिवहन में प्रयुक्त दो पिकअप और एक छोटा हाथी वाहन जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2011 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 13 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी गरियाबंद को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो पिकअप और एक छोटा हाथी वाहन में कुछ लोग मवेशियों को मालगांव-नहरगांव मार्ग से होते हुए ओडिशा के कत्लखाने ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम नागाबुड़ा तालाब के पास एमसीपी लगाकर वाहनों की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पिकअप क्रमांक CG04-QL-5867, CG-25-N-4355 तथा छोटा हाथी वाहन CG-04PC-1823 को रोककर तलाशी ली गई। तीनों वाहनों में 14 भैंस और 4 पड़वा को बिना किसी वैध दस्तावेज के अत्यंत क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से विकास साहू (21), सोहन यादव (21), राजू कुमार ध्रुवे (26), मनीष कुमार बंजारे (22) और लोकेश साहू (18) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी दुर्ग और कबीरधाम जिले के निवासी हैं।
आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2011 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज किया गया। विधिवत गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
जब्त सामग्री
14 नग भैंस एवं 4 नग पड़वा (कुल 18 पशु)
पिकअप वाहन क्रमांक CG04-QL-5867
पिकअप वाहन क्रमांक CG-25-N-4355
छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG-04PC-1823
गरियाबंद पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















