(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। गरियाबंद जिले के मैनपुर-देवभोग नेशनल हाईवे-130सी पर बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) देवभोग अश्वनी दास मुरचुलिया की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वाहन चालक सहित 8 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मैनपुर विकासखंड के धुरवागुड़ी और बुड़गेलटप्पा के बीच उस समय हुआ, जब वन विभाग की शासकीय बोलेरो और एक तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग की बोलेरो में कुल 9 कर्मचारी सवार थे। सभी कर्मचारी गरियाबंद में आयोजित बीएमसी (बायोडायवर्सिटी मैनेजमेंट कमेटी) सदस्यों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देवभोग लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से बोलेरो की जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों, प्रशासनिक अमले और सुरक्षा बल के जवानों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को देवभोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
हादसे में रेंजर अश्वनी दास मुरचुलिया को सबसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अन्य आठ घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस जांच में जुटी, वन विभाग में शोक
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। रेंजर की असामयिक मृत्यु से वन विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जर्जर हाईवे पर लगातार हो रहे हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि मैनपुर-देवभोग नेशनल हाईवे-130सी की हालत लंबे समय से बेहद खराब बनी हुई है। झरियाबाहरा से धुरवागुड़ी तक सड़क संकरी और अधिकांश हिस्से में सिंगल लेन है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सड़क किनारे मुरूम की जगह मिट्टी डाले जाने से बारिश के दौरान वाहन फिसलने और गड्ढों में उतरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। लोगों ने हाईवे के चौड़ीकरण और तत्काल मरम्मत की मांग दोहराई है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















