(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद जिले में कांग्रेस द्वारा निकाली गई विजय रैली का समापन तिरंगा चौक पर आयोजित आमसभा के साथ हुआ। सभा को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस कमेटी गरियाबंद के अध्यक्ष प्रेम सोनवानी ने शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लाखों छात्र-छात्राओं के संघर्ष और कांग्रेस द्वारा लगातार उठाए गए जनहित के मुद्दों की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का इस्तीफा नहीं, बल्कि युवाओं की आवाज और लोकतांत्रिक संघर्ष की ताकत का परिणाम है।
प्रेम सोनवानी ने कहा कि पिछले लंबे समय से प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठते रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताएं, परीक्षा संचालन में पारदर्शिता की कमी, परिणामों में विलंब तथा छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ जैसे मुद्दों को कांग्रेस लगातार सदन से लेकर सड़क तक उठाती रही। कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने इन मामलों में सरकार को बार-बार घेरा, जिसके चलते सरकार पर दबाव बढ़ा और अंततः शिक्षा मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा।
उन्होंने कहा कि यह इस्तीफा छात्रों और युवाओं के संघर्ष की पहली जीत है, लेकिन इससे शिक्षा व्यवस्था की सभी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाएगा। केवल मंत्री बदल देने से व्यवस्था नहीं बदलती। जरूरत इस बात की है कि सरकार शिक्षा विभाग में व्याप्त कमियों को दूर करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र को परीक्षा संबंधी अनियमितताओं का सामना न करना पड़े।
सभा में प्रेम सोनवानी ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि प्रदेश की संपूर्ण परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीकी रूप से मजबूत बनाया जाए। परीक्षा प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए स्वतंत्र निगरानी व्यवस्था विकसित की जाए तथा लापरवाही या अनियमितता के दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















