(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। गरियाबंद वनमंडल अंतर्गत ग्राम केराबाहरा (ग्राम पंचायत जोबा) क्षेत्र में पिछले कुछ समय से तेंदुए की लगातार गतिविधियां देखी जा रही थीं। तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों और पालतू मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वनमंडलाधिकारी सरिसागंधन के निर्देश पर क्षेत्र में केज ट्रैप (पिंजरा) स्थापित किया और लेपर्ड रेस्क्यू टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया।
वन विभाग की सतत निगरानी और रणनीतिक प्रयासों के चलते तेंदुआ सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद कर लिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

तीन सदस्यीय पशु चिकित्सक दल ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
पकड़े गए तेंदुए का तीन सदस्यीय पशु चिकित्सक दल द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में उसकी शारीरिक स्थिति सामान्य पाई गई है। वन विभाग के अनुसार, विशेषज्ञों की अंतिम रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई करते हुए तेंदुए को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा।
वन विभाग ने अफवाहों से बचने की अपील की
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि तेंदुए को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें। यदि क्षेत्र में किसी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई दे या कोई सूचना मिले, तो तत्काल वन विभाग के अधिकारियों या वन अमले को सूचित करें। विभाग ने कहा कि मानव जीवन और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















