(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। सावन मास के पावन अवसर पर प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ धाम एक बार फिर श्रद्धा, सेवा और समर्पण का केंद्र बन गया है। श्री भूतेश्वरनाथ युवा भंडारा समिति द्वारा सावन के प्रत्येक रविवार की तरह इस वर्ष भी श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए विशाल निशुल्क भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। समिति का यह सेवा अभियान लगातार सातवें वर्ष पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ जारी है।
रविवार को मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों ने पुलाव, हलवा, चना-राजमा, चावल, कढ़ी और सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था संभाल रहे युवा स्वयंसेवकों की सेवा भावना और अनुशासित संचालन की श्रद्धालुओं ने खुलकर सराहना की।

गरियाबंद मुख्यालय से लगभग तीन किलोमीटर दूर मरौदा गांव स्थित भूतेश्वरनाथ धाम अपने विशाल स्वयंभू शिवलिंग और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है। सावन मास में यहां छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ ओडिशा सहित पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर दिनभर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।
समिति के सदस्य सुबह से ही भोजन प्रसाद की तैयारी, वितरण, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई जैसे कार्यों में जुटे रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष प्राथमिक उपचार और मेडिकल किट की व्यवस्था भी की गई है।

समिति के अध्यक्ष दीप सिन्हा ने बताया कि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए भगवान भोलेनाथ की पूजा के समान है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बाबा भूतेश्वरनाथ की कृपा, समाज के सहयोग और युवाओं की निस्वार्थ सेवा भावना से संभव हो पा रहा है। हर वर्ष नए युवा इस अभियान से जुड़ रहे हैं, जिससे सेवा कार्य और व्यापक होता जा रहा है।
लगातार सात वर्षों से चल रहा यह निशुल्क भंडारा अभियान अब क्षेत्र में सामाजिक एकता, मानव सेवा और युवा सहभागिता की प्रेरणादायी मिसाल बन चुका है। समिति के अनेक युवा सदस्य पूरे समर्पण के साथ इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















