(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। महंगाई के इस दौर में जहां लोग नौकरी, खेती और कारोबार में किस्मत आजमा रहे हैं, वहीं राजिम थाना क्षेत्र के ग्राम तरीघाट के कुछ जागरूक नागरिकों ने सीधे शॉर्टकट अपनाते हुए खुले मैदान में ‘भाग्य सुधार केंद्र’ खोल रखा था। यहां ताश के 52 पत्तों की कृपा से चंद मिनटों में अमीर बनने का सपना बुना जा रहा था। अफसोस, किस्मत की देवी शायद उस दिन छुट्टी पर थीं और पुलिस समय पर ड्यूटी पर।

मुखबिर ने सूचना दी कि तरीघाट में खुले स्थान पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ चल रहा है। सूचना मिलते ही राजिम पुलिस ने पहुंचकर पूरे ‘वित्तीय संस्थान’ को समेट लिया। मौके से छह खिलाड़ी पकड़े गए, जिनके पास से ₹78,600 नकद, चार मोबाइल और 52 पत्ती ताश बरामद हुई। कुल जब्ती ₹1,18,600 की रही — यानी कारोबार छोटा नहीं था।
पकड़े गए खिलाड़ियों में भोला वर्मा, संतोष साहू, लीलाराम मारकण्डे, संतोष यादव, गजेश साहू और गुलाब साहू शामिल हैं। सभी निवासी ग्राम तरीघाट हैं और फिलहाल उनकी किस्मत का फैसला ताश नहीं, बल्कि कानून करेगा।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और अवैध लेन-देन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। लगता है तरीघाट के खिलाड़ियों को यह सूचना थोड़ी देर से मिली, वरना वे शायद ‘गेम ओवर’ होने से पहले ही टेबल समेट लेते।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में मनोरंजन के साधन कम हैं, लेकिन पुलिस ने यह जरूर बता दिया कि सरकारी मनोरंजन का सबसे महंगा टिकट जुआ अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मिलता है।
फिलहाल छह खिलाड़ियों की ‘किस्मत की बाजी’ न्यायालय के पाले में है, और तरीघाट के बाकी ताश प्रेमी शायद अब पत्ते फेंटने से पहले चारों तरफ नजर जरूर घुमाएंगे।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















