(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल घटारानी वाटरफॉल में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। वाटरफॉल के ऊपरी हिस्से में पहुंचा एक युवक अचानक पैर फिसलने से नीचे गिर गया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि युवक की जान बच गई, हालांकि नीचे गिरने के बाद वह बेहोश हो गया।
घायल युवक की पहचान खूबलाल डिमर (निवासी रावां, धमतरी) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अपने साथियों के साथ घूमने आया था और नशे की हालत में वाटरफॉल के ऊपर तक पहुंच गया। आगे बढ़ने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे जा गिरा।

हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक का रेस्क्यू किया। इसके बाद डायल 112 की सहायता से उसे फिंगेश्वर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल युवक के एक साथी ने बताया कि करीब 17 लोगों का समूह घटारानी वाटरफॉल घूमने आया था और गिरने वाला युवक नशे में था।

सुरक्षा नियमों की अनदेखी बनी चिंता
घटारानी वाटरफॉल में लगातार बाहरी पर्यटकों द्वारा लापरवाही की घटनाएं सामने आ रही हैं। रोमांच और सेल्फी के चक्कर में लोग प्रतिबंधित क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं और अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार शाम 4 बजे के बाद पर्यटकों की एंट्री बंद कर दी जाती है, जबकि शाम 5 बजे के बाद वाटरफॉल के आसपास घूमना-फिरना पूरी तरह प्रतिबंधित रहता है। इसके बावजूद कुछ पर्यटक नियमों की अनदेखी कर प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच जाते हैं।
फिलहाल फिंगेश्वर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















