(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। साइबर अपराध के प्रति आम नागरिकों को जागरूक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस ने 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ शुरू करने की घोषणा की है। सात सप्ताह तक चलने वाला यह अभियान ‘साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़’ के संकल्प के साथ जनभागीदारी आधारित जागरूकता कार्यक्रम के रूप में संचालित किया जाएगा।
राजधानी रायपुर में अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री और गृह मंत्री द्वारा किया गया। वहीं गरियाबंद जिले में पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने प्रेस वार्ता के दौरान अभियान के लिंक और क्यूआर कोड जारी कर जिला स्तर पर अभियान की शुरुआत की।

इस अभियान की मुख्य थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ रखी गई है। इसके तहत नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस अथवा संबंधित जिला पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध लिंक पर क्लिक कर या क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाले सेल्फी फ्रेम में अपनी फोटो लेकर उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करेंगे।
पुलिस का मानना है कि जब बड़ी संख्या में लोग एक ही संदेश के साथ अपनी सेल्फी साझा करेंगे, तो साइबर सुरक्षा का संदेश तेजी से लोगों तक पहुंचेगा और उनके मित्रों व फॉलोअर्स के माध्यम से जागरूकता का दायरा और व्यापक होगा। यह अभियान सोशल मीडिया की ताकत का उपयोग कर साइबर अपराध के खिलाफ सामूहिक चेतना विकसित करने का प्रयास है।

गरियाबंद में अभियान की शुरुआत करते हुए एसपी वेदव्रत सिरमौर ने स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी ली और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। उन्होंने जिले के नागरिकों, सामाजिक व व्यापारिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स, कलाकारों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि “जिस प्रकार देश की आजादी के लिए देशवासी एकजुट होकर लड़े थे, उसी तरह आज साइबर अपराध के खिलाफ भी समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर जागरूकता फैलानी होगी। जनभागीदारी ही साइबर अपराधियों के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार है।”
सात सप्ताह का कार्यक्रम
– पहला सप्ताह: डिजिटल सतर्कता और बुनियादी सुरक्षा पर स्कूल-कॉलेजों में अभियान
– दूसरा सप्ताह: वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा पर बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में कार्यक्रम
– तीसरा सप्ताह: डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल पर वरिष्ठ नागरिकों के साथ टाउन हॉल आयोजन
– चौथा सप्ताह: स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग पर महिला कॉलेजों और सामुदायिक समूहों में अभियान
– पांचवां सप्ताह: जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव पर रोजगार कार्यालयों, आईटीआई और कौशल विकास केंद्रों में कार्यक्रम
– छठा सप्ताह: डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया की सीमाओं पर जनजागरूकता अभियान
– सातवां सप्ताह: ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़ संकल्प अभियान’
अभियान का समापन 2 अक्टूबर 2026 (गांधी जयंती) को किया जाएगा। इस दौरान जिला पुलिस और स्थानीय थानों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, बाजारों और पार्कों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से क्यूआर कोड का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से लिंक साझा कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















