(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। वनमण्डल गरियाबंद के वन परिक्षेत्र गरियाबंद अंतर्गत बारूका एवं जड़जड़ा परिसर के विभिन्न ग्रामों में वन्यप्राणी तेन्दुए की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। ग्रामीणों को संभावित जनहानि, जनघायल एवं पशुहानि से बचाने तथा लोगों को सतर्क करने के लिए वनमण्डल स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वन विभाग के अनुसार पंटोरा, चट्टानपारा, कोदोबतर, बारूका, जड़जड़ा, पेण्ड्रा, कोटरीघापर, भुईनाहाडेरा, कुर्रुभाठा, खट्टी, सढ़ौली, चिखली एवं आमदी सहित आसपास के गांवों में लगातार निगरानी की जा रही है। विभागीय अमले द्वारा गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को तेंदुए से बचाव के संबंध में आवश्यक सावधानियां बरतने की समझाइश दी जा रही है।
जिन गांवों के आसपास तेन्दुए को प्रत्यक्ष रूप से देखा गया है, उनके नजदीकी जंगलों में पिंजरे लगाए गए हैं। वहीं आसपास के जंगलों में ट्रैप कैमरे लगाकर तेन्दुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर वन कर्मचारियों की तैनाती के साथ नियमित गश्त भी कराई जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात्रि के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। विशेष रूप से छोटे बच्चों एवं बुजुर्गों का ध्यान रखें और उन्हें अकेले बाहर न जाने दें। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा तीन पालियों में गश्ती की जा रही है, जिसमें प्रातः 5ः00 बजे से पूर्वाह्न 11ः00 बजे तक, पूर्वाह्न 11ः00 बजे से रात्रि 11ः00 बजे तक तथा रात्रि 11ः00 बजे से सुबह 5ः00 बजे तक निगरानी शामिल है।
मोबाइल वाहन एवं अन्य सूचना तंत्रों के माध्यम से भी ग्रामीणों को तेंदुए से सुरक्षा के उपायों के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि तेन्दुए की गतिविधि अथवा किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें। तेंदुए से संबंधित सूचना के लिए वन मण्डल स्तर पर टोल फ्री नंबर 62681-77800 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा वनरक्षक श्री देवेन्द्र तिवारी के मोबाइल नंबर 70003-28264 तथा वनरक्षक श्री टेमन प्रसाद दुबे के मोबाइल नंबर 83193-00413 पर भी सूचना दी जा सकती है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











