(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। नेशनल हाईवे-130C पर गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में गरियाबंद जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप बाल-बाल बच गए। वे अपनी इनोवा वाहन से निज निवास से राजधानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राजापड़ाव से पहले हाईवे के मोड़ पर गरियाबंद की ओर से आ रही एक मालवाहक पिकअप ने उनकी इनोवा को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि हादसे में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप के सुरक्षित बचने की जानकारी है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। हादसा जुगाड़ और मैनपुर थाना क्षेत्र के बीच घटित बताया जा रहा है।

अभ्यारण्य क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण नहीं होने से बढ़ा खतरा
हादसे के बाद एक बार फिर नेशनल हाईवे-130C की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क चौड़ीकरण का मुद्दा सामने आया है। झरियाबहारा से धूर्वागुड़ी के बीच अभ्यारण्य क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का काम नहीं हो पाने के कारण करीब 40 किलोमीटर के इस मार्ग पर बरसात के दौरान लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर कई जगह मोड़ और संकरी पटरी होने के कारण आमने-सामने आने वाले वाहनों के बीच दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

एक माह पहले रेंजर और चालक की हुई थी मौत
इसी हाईवे पर करीब एक माह पहले भी बड़ा सड़क हादसा हुआ था, जिसमें देवभोग रेंजर और उनके चालक की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों के बाद अब हाईवे के इस संवेदनशील हिस्से में सड़क चौड़ीकरण और सुरक्षा उपायों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











