(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। वन परिक्षेत्र परसुली क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीती रात करीब 11 बजे कस, गंजईपुरी और सोहागपुर चौराहे के पास कचरा टैंक के ऊपर तेंदुआ दिखाई दिया। अचानक तेंदुआ नजर आने से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से इस इलाके में तेंदुए की मूवमेंट लगातार देखी जा रही है। रात के समय तेंदुए की मौजूदगी सामने आने के बाद ग्रामीणों में भय बढ़ गया है और लोग अंधेरा होने के बाद अकेले बाहर निकलने से बच रहे हैं।

वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क
घटना के बाद वन विभाग परसुली ने ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि रात के समय अकेले जंगल या सुनसान इलाकों में न जाएं। मवेशियों को खुले में न बांधें और घर के आसपास साफ-सफाई रखें, ताकि वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर जोखिम कम किया जा सके।
वन विभाग ने यह भी अपील की है कि यदि किसी ग्रामीण को तेंदुआ दिखाई देता है तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें। तेंदुए को पकड़ने, उसके करीब जाने या उसे परेशान करने की कोशिश न करें।
वन अमले द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जा रही है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से सतर्क रहने के साथ-साथ अफवाहों से बचने की भी अपील की गई है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











