(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। छत्तीसगढ़ द्वितीय राज्य स्तरीय पैरा योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में समर्थ दिव्यांग आवासीय विद्यालय गरियाबंद के दृष्टिबाधित विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। रायगढ़ के अग्रोहा धाम में 22 एवं 23 अगस्त को आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय के 14 दृष्टिबाधित एवं श्रवणबाधित दिव्यांग विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के दृष्टिबाधित विद्यार्थी देवीसिंह विश्वकर्मा ने सीनियर वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया, जबकि टीकचंद यादव ने सीनियर वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर की पैरा योगासन प्रतियोगिता के लिए चयन भी किया गया है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में संस्था शांति मैत्री ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा संचालित धमतरी जिले के दिव्यांग विद्यालय के खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं गरियाबंद के विद्यार्थियों की उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और शिक्षकों में हर्ष का माहौल है।
प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों में योग के प्रति रुचि विकसित करना, उनकी शारीरिक एवं मानसिक क्षमताओं को बढ़ावा देना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना था। प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सहभागिता और उपलब्धि के लिए समर्थ दिव्यांग आवासीय विद्यालय को भी शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गोस्वामी जयंत विष्णु भारती, महासचिव डॉ. मेजर सिंह, सहसचिव शैलेन्द्र विशी, रायगढ़ महापौर डिकेंद्र देवांगन, जिला कुश्ती संघ अध्यक्ष लक्ष्मण साहू, जिला योगासन एसोसिएशन अध्यक्ष एवं अधिवक्ता जीतेश प्रजापति तथा राजस्थान से आए महंत श्री श्री 108 चेतनगिरी महाराज सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महापौर डिकेंद्र देवांगन ने दृष्टिबाधित बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए जरूरतमंद बच्चों के लिए नेत्र संबंधी सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं महंत चेतनगिरी महाराज ने खिलाड़ियों को शिक्षा, एकता और नशामुक्ति का संदेश देते हुए आशीर्वाद दिया।
संस्था अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार साहू ने कहा कि दिव्यांग विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि योग विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, एकाग्रता, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विद्यालय की प्राचार्य सुश्री लक्ष्मी रानी ध्रुव, कोच तारणी ध्रुव, शिक्षिका भारती ध्रुव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारियों ने विजेता और सहभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता का समापन दृष्टिबाधित एवं श्रवणबाधित विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











