(संवाद एक्सप्रेस)मैनपुर। गरियाबंद। जिले के मैनपुर विकासखंड के कामेपुर गांव में खेत जा रहे एक ग्रामीण पर दो भालुओं ने हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण के पेट, सीने और गुप्तांग में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने बारिश के बीच घायल को पहले बाइक से करीब दो किलोमीटर तक पहुंचाया। इसके बाद नदी पर पुल नहीं होने के कारण घायल को स्ट्रेचर के सहारे नदी पार कराकर दूसरी ओर खड़ी 108 एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। वहां से घायल को जिला अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार कामेपुर निवासी ग्रामीण खेत की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में दो भालुओं ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से ग्रामीण घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था शुरू की।

लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव तेज था। गांव तक 108 एंबुलेंस नहीं पहुंच पाने के कारण ग्रामीणों को घायल को बाइक से करीब दो किलोमीटर तक ले जाना पड़ा। इसके बाद नदी के तेज बहाव के बीच स्ट्रेचर के जरिए घायल को नदी पार कराया गया। नदी पार करने के बाद उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।
पुल के अभाव में हर बार बढ़ता है संकट
कामेपुर के पास नदी पर पुल नहीं होने से बारिश के दिनों में ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और स्वास्थ्य आपातकालीन सेवाओं की जमीनी स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर एंबुलेंस तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को जिस तरह बारिश और तेज नदी के बहाव के बीच मशक्कत करनी पड़ी, वह सिस्टम की लाचारी को उजागर करता है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











