(संवाद एक्सप्रेस)छुरा/गरियाबंद। थाना छुरा क्षेत्र के ग्राम मंडेली में युवा क्रांति ग्राम समिति के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का 25 अक्टूबर को समापन हुआ। 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची महिला एवं पुरुष टीमों ने हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल, दमखम तथा टीम भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी यादव की विशेष उपस्थिति ने खिलाड़ियों और ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में छुरा की अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) गरिमा दादर थाना छुरा के पुलिस बल के साथ उपस्थित रहीं। इस दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने का संदेश दिया।

बेटियों को खेलों में आगे आने के लिए किया प्रेरित
भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी यादव ने युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे आने और अपनी प्रतिभा के दम पर देश एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया। वहीं एसडीओपी गरिमा दादर ने खेलों को स्वस्थ जीवन, अनुशासन और टीम भावना के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनमें आत्मविश्वास और सहयोग की भावना भी विकसित करते हैं।
साइबर ठगी से बचाव की दी जानकारी
खेल आयोजन के साथ पुलिस ने ग्रामीणों को जागरूक करने की पहल भी की। साइबर जागरूकता कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। ग्रामीणों को किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। 
नशे और महिला अपराधों के प्रति किया जागरूक
पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए इसके शारीरिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। इसके साथ ही घरेलू हिंसा एवं महिला संबंधी अपराधों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनी सुरक्षा प्रावधानों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।
खेल के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश
ग्राम मंडेली में आयोजित इस प्रतियोगिता ने ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान किया। आयोजन में ग्राम के जनप्रतिनिधि, युवा क्रांति ग्राम समिति के पदाधिकारी, थाना छुरा के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











