(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। नशा मुक्त भारत और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में गरियाबंद पुलिस के प्रधान आरक्षक रविन्द्र गिरी ने जिले का गौरव बढ़ाया है। देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस जवानों की सहभागिता वाली इस राष्ट्रीय रैली में थाना राजिम में पदस्थ प्रधान आरक्षक रविन्द्र गिरी ने गरियाबंद पुलिस टीम का नेतृत्व करते हुए सक्रिय भागीदारी निभाई।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित यह मोटरसाइकिल रैली देश के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) पहुंची। यहां राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य एकता परेड में प्रधान आरक्षक रविन्द्र गिरी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने देश की अखंडता, एकता, विविधता और नशामुक्ति के संकल्प को समर्पित राष्ट्रीय आयोजन में गरियाबंद जिले का प्रतिनिधित्व किया।
राष्ट्रीय मंच पर जिले की पुलिस का प्रतिनिधित्व करना गरियाबंद पुलिस के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। प्रधान आरक्षक रविन्द्र गिरी की इस उपलब्धि से पुलिस विभाग के साथ-साथ जिले का भी मान बढ़ा है।

उनके सराहनीय प्रयास और उत्कृष्ट सहभागिता पर पुलिस अधीक्षक गरियाबंद वेदव्रत सिरमौर ने हर्ष व्यक्त करते हुए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण और गरिमामयी आयोजन में शामिल होकर नशामुक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देना गरियाबंद पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि रविन्द्र गिरी की यह उपलब्धि जिले के अन्य पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को भी राष्ट्रसेवा और सामाजिक जागरूकता के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगी।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











