(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान किसानों को प्रति एकड़ अधिकतम 13 हजार 839 रुपये तक की सहायता राशि निर्धारित की गई है। भाजपा ने इसे प्रदेश के अन्नदाताओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।
योजना के प्रावधानों के अनुसार, धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है, जबकि किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर के अनुरूप राशि उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इस आधार पर दोनों दरों के बीच 659 रुपये प्रति क्विंटल का अंतर निर्धारित किया गया है। अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ की उपार्जन सीमा के अनुसार किसानों को 13,839 रुपये प्रति एकड़ तक सहायता राशि दिए जाने का प्रावधान है।
योजना की खास बात यह है कि किसान एक एकड़ में 15 क्विंटल धान का विक्रय करता है, तब भी सत्यापित कृषि रकबे के आधार पर उसे निर्धारित पूरी सहायता राशि मिलने का प्रावधान बताया गया है। इसी प्रकार 2.5 एकड़ कृषि भूमि के लिए 34,597 रुपये 50 पैसे तथा 0.8 एकड़ के लिए 11,071 रुपये 20 पैसे की सहायता राशि का उदाहरण दिया गया है। इससे किसानों को योजना के तहत मिलने वाले आर्थिक लाभ को समझने में आसानी होगी।
भाजपा जिला प्रवक्ता एवं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष पारस ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता किसानों की आय बढ़ाना, कृषि को लाभकारी बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत से ही गांव और प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था मजबूत होती है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों के नाम पर घोषणाओं और वादों की राजनीति की जाती रही, जबकि भाजपा सरकार किसानों के हित में योजनाओं को धरातल पर उतारकर उन्हें आर्थिक लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। कृषक उन्नति योजना इसी किसान हितैषी सोच का प्रमाण है।
श्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसान कल्याण के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के जीवन में समृद्धि लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प स्पष्ट है—किसान समृद्ध होगा तो गांव समृद्ध होगा और गांव समृद्ध होगा तो छत्तीसगढ़ विकसित होगा। किसानों की खुशहाली ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत आधारशिला है।
जय जवान, जय किसान!

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











