(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क और पुल-पुलियों की स्थिति एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है। नवागढ़ और सातधार के बीच स्थित करीब 15 वर्ष पुराना प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) का पुल बारिश के तेज बहाव की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल का एक बड़ा हिस्सा बह जाने से मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।
बताया जा रहा है कि तेज बारिश के चलते नदी-नाले में जलस्तर बढ़ने और पानी के तेज बहाव से पुल को नुकसान पहुंचा। पुल का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों को आशंका है कि यदि बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा तो पुल को और अधिक नुकसान हो सकता है।

यह मार्ग सातधार, भैसातरा, गर्भनतारा और कोकड़ी सहित आसपास के कई गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ता है। ऐसे में पुल के क्षतिग्रस्त होने से इन गांवों के ग्रामीणों के सामने आवागमन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। रोजमर्रा के काम, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और जरूरी सामान के लिए जिला मुख्यालय आने-जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग को तत्काल मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत अथवा वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था जल्द किए जाने की मांग की जा रही है, ताकि किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।

बारिश के मौसम में पुल की हालत ने PMGSY के तहत निर्मित ग्रामीण सड़कों और पुल-पुलियों की गुणवत्ता एवं रखरखाव को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। संबंधित विभाग की ओर से पुल की स्थिति का आकलन और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की जरूरत है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











