(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। ग्राम पंचायत कोकड़ी में विकास कार्यों को नई गति मिलने जा रही है। आगामी 20 सितंबर को राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू के मुख्य आतिथ्य में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही करीब 25 लाख रुपये की लागत के नए निर्माण कार्यों का भूमि पूजन भी संपन्न होगा।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत कोकड़ी में रामधुनी कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि पूजन के साथ धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन होने से गांव में उत्सव का माहौल रहेगा। रामधुनी में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

ग्रामीणों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
ग्राम पंचायत सरपंच चुम्मन सिंह ध्रुव ने बताया कि गांव में विभिन्न विकास कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। वहीं नए निर्माण कार्यों के शुरू होने से गांव के विकास को और गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि विधायक रोहित साहू के कर-कमलों से विकास कार्यों का लोकार्पण एवं नए कार्यों का भूमि पूजन किया जाएगा।

कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज
लोकार्पण, भूमि पूजन एवं रामधुनी कार्यक्रम को लेकर ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, भाजपा कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है। ग्रामीणों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











