(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आईं करीब 30 महिला बाइकर्स की मोटो क्वींस एडवेंचर टीम रविवार को जागरूकता अभियान के तहत गरियाबंद पहुंची। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने हरी झंडी दिखाकर टीम को अगले पड़ाव के लिए रवाना किया। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेशभर में महिला सशक्तिकरण, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देना है।
रायपुर से राजिम होते हुए गरियाबंद पहुंची इस टीम में गृहिणियां, छात्राएं, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षिकाएं, आईटी प्रोफेशनल और व्यवसायी महिलाएं शामिल हैं। लंबी दूरी की बाइक यात्रा के माध्यम से ये महिलाएं यह संदेश दे रही हैं कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं और आत्मविश्वास के साथ हर चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं।

टीम का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल एडवेंचर राइड करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, आत्मनिर्भरता और अनुशासन का संदेश देना भी है। यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों में लोगों को सड़क सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
गरियाबंद प्रवास के दौरान महिला बाइकर्स उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व और ओड़ क्षेत्र का भ्रमण करेंगी। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार कर इको-टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही आमजन को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

इस अवसर पर उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के डीएफओ वरुण जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, एसडीओपी निशा सिन्हा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
महिला बाइकर्स ने कहा कि यह अभियान सिर्फ रोमांचक यात्रा नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षित यातायात, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के प्रति जनजागरूकता फैलाने की एक सार्थक पहल है। उन्होंने युवतियों और महिलाओं से भी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















