(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 91.592 किलो गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 45.79 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल बस और ऑटो के अलावा चार मोबाइल फोन तथा 137.300 किलो चावल भी जब्त किया है।
बस की डिक्की में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा: थाना गरियाबंद पुलिस को 4 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि महेश बस क्रमांक सीजी 04 ईए 0634 से गांजे का परिवहन किया जा रहा है। पुलिस टीम ने बस स्टैंड में बस की तलाशी ली। पीछे की डिक्की में रखी पांच जूट की बोरियों से सात पैकेट में 67.842 किलो गांजा मिला। इसकी कीमत 33.92 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मामले में बस के कंडक्टर शमसुद्दीन (41) निवासी हमीरपुर, उत्तर प्रदेश, हाल रायपुर और आशोक यदू (32) निवासी देवभोग को गिरफ्तार किया। पूछताछ में गांजा भजन धुरवा (35) निवासी देवभोग, हाल कालाहांडी, ओडिशा से खरीदना सामने आया। पुलिस ने भजन को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा करीब 15 लाख रुपये कीमत की बस, 1.50 लाख रुपये का ऑटो, दो मोबाइल और 137.300 किलो चावल जब्त किया गया।
बस यात्री के पास मिला 23.750 किलो गांजा: दूसरी कार्रवाई मैनपुर पुलिस ने की। देवभोग-रायपुर मार्ग की बस में गांजा ले जाने की सूचना पर पुलिस ने मां शारदा बस को रोककर एक यात्री की तलाशी ली। उसके सामान में रखे थर्माकोल आइस बॉक्स से 23.750 किलो गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत 11.87 लाख रुपये है।
पुलिस ने आरोपी दामोदर मेहेर (40) निवासी नकटीगुड़ा, जिला कालाहांडी, ओडिशा को गिरफ्तार किया। उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
दोनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(सी) के तहत कार्रवाई की है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











