गरियाबंद। पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं धमतरी के महापौर जगदीश रामू रोहरा ने जिला भाजपा कार्यालय गरियाबंद में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर एक आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने आयकर में ऐतिहासिक छूट देने के बाद अब जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) में बड़े सुधार किए हैं। इसमें कई आवश्यक वस्तुओं पर कर शून्य कर दिया गया है, जबकि अनेक उत्पादों पर टैक्स में 10 प्रतिशत तक की कमी की गई है। यह बदलाव न केवल आम जनता को राहत देंगे बल्कि व्यापार और उद्योग जगत को भी नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।

रोहरा ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को इन सुधारों से सबसे अधिक फायदा मिलेगा। तेल, शैम्पू, टूथपेस्ट, पनीर, सिलाई मशीन, शैक्षिक सामग्री, स्वास्थ्य और जीवन बीमा, कृषि उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक व ऑटोमोबाइल उत्पाद अब अधिक किफायती हो गए हैं। किसानों के लिए भी यह सुधार लाभकारी होंगे, क्योंकि शैटर, हार्वेस्टर, रोटावेटर और जैव कीटनाशकों पर जीएसटी घटाकर केवल 5 प्रतिशत कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में जहां करदाताओं की संख्या 66.5 लाख थी, वहीं 2025 में यह बढ़कर 1.51 करोड़ तक पहुंच गई है। वर्ष 2024-25 में सकल जीएसटी संग्रह 22.08 लाख करोड़ रुपये रहा, जो केवल चार वर्षों में दोगुना हो गया है।
पत्रकार वार्ता में रोहरा ने कहा कि बीमा और स्वास्थ्य सेवाओं पर कर घटाए जाने से आम जनता को सस्ती बीमा सुविधा मिलेगी।
कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल राजनीति कर जनता को गुमराह कर रहा है। पहले कांग्रेस ने जीएसटी को “गब्बर सिंह टैक्स” बताकर मज़ाक उड़ाया था, लेकिन अब उन्हीं सुधारों का श्रेय लेने की होड़ में लगी हुई है। रोहरा ने कहा कि अब जीएसटी वास्तव में “गुड एंड सिंपल टैक्स” बन चुका है, जिसे सस्ती राजनीति का शिकार नहीं बनाना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला महामंत्री डॉ. आशीष शर्मा, चंद्रशेखर साहू, जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा, जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा और जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके मौजूद रहे।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments



