गरियाबंद/रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहकारी समिति कर्मचारी संघ और समर्थन मूल्य धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर संघ की 19 दिन से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार देर रात समाप्त हो गई। भाजपा के प्रदेश कार्यालय मंत्री एवं अपेक्स बैंक के पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज की मध्यस्थता से कर्मचारी संगठनों और शासन के बीच सहमति बनी, जिसके बाद दोनों संगठनों ने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की।
हड़ताल खत्म होते ही कर्मचारी नियमित कामकाज पर लौट आए हैं। इससे धान खरीदी केंद्रों, उचित मूल्य दुकानों और सहकारी समितियों की सभी गतिविधियां अब दोबारा सुचारु रूप से संचालित होंगी, जिससे किसानों को सीधी राहत मिलेगी।
4 सूत्रीय मांगों पर मिला सकारात्मक आश्वासन
संयुक्त मोर्चा—छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ एवं समर्थन मूल्य धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर संघ—ने बताया कि शासन ने उनकी 4 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है।
कर्मचारी संगठनों ने किसान हित, लोकहित और सोसायटी हित को सर्वोपरि रखते हुए आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।

एस्मा, निलंबन व अन्य कार्रवाइयों को वापस लेने की मांग
कर्मचारी संगठनों ने शासन को पत्र भेजकर हड़ताल अवधि के दौरान लगाए गए एस्मा, निलंबन, बर्खास्तगी, कंप्यूटर ऑपरेटर के तबादले और उचित मूल्य दुकानों के विरुद्ध जारी निलंबन आदेशों को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
अशोक बजाज की मध्यस्थता रही निर्णायक
सूत्रों के अनुसार, अशोक बजाज ने कर्मचारियों और शासन के बीच लगातार बैठकों का दौर चलाया। संवाद की कई चरणों के बाद 19 दिनों से चला आ रहा गतिरोध खत्म हुआ और देर रात अंतिम सहमति बन गई।
हड़ताल समाप्त होने के बाद अब धान खरीदी प्रक्रिया सामान्य गति पकड़ने की उम्मीद है, जिससे राज्यभर के किसानों को लाभ होगा।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारी
बैठक में छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ से प्रदेश महासचिव ईश्वर श्रीवास, तथा धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर संघ से प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकांत मोहरे, प्रदेश उपाध्यक्ष मीनाक्षी यादव, प्रदेश संयोजक विद्या शंकर यादव, प्रदेश सचिव मोहन डहरिया, संरक्षक संतोष साहू, नरेश साहू, सना अली, प्रमिला मानिकपुरी और बलराम कौशिक उपस्थित रहे।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















