गरियाबंद। जिले के छुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंक्तियां में मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए साहू परिवार द्वारा 25 नवंबर, मंगलवार को वार्षिक श्राद्ध के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। पंक्तियां निवासी समाजसेवी श्री ओमप्रकाश साहू अपने स्वर्गीय पिता श्री वेदराम साहू तथा स्वर्गीय पत्नी श्रीमती लिकेश्वरी साहू की पुण्यस्मृति में अपने निज निवास पर इस सेवा शिविर का आयोजन कर रहे हैं।
ओमप्रकाश साहू ने छुरा क्षेत्र एवं आसपास के सभी गांवों के रक्तवीरों, युवाओं और समाजसेवियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस महान कार्य में सहभागिता निभाएं। उनका कहना है कि—
“रक्तदान जैसे पवित्र कार्य से बढ़कर कोई सेवा नहीं। हम सभी यदि एक कदम आगे बढ़ाएं, तो कई परिवारों को नया जीवन मिल सकता है।”
इस शिविर में संग्रहित सभी रक्त यूनिट्स जिला अस्पताल गरियाबंद के ब्लड बैंक को डोनेट की जाएंगी, जो आगे हमारे जिले के जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क प्रदाय की जाएंगी। यह व्यवस्था न केवल जीवन बचाने में सहायक होगी, बल्कि ग्रामीणों को भरोसा भी दिलाएगी कि उनका रक्तदान सीधे जिले के मरीजों के काम आ रहा है।
जिले के समाजसेवी व रक्तदान के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत जनपद सदस्य भीम निषाद ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि वार्षिक श्राद्ध जैसे धार्मिक अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा—
“ऐसे आयोजन गांव-गांव में हों, ताकि आम जनमानस में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक लोग रक्तदान को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझें।”
यह रक्तदान शिविर न केवल स्वर्गीय दिवंगत आत्माओं को सच्ची श्रद्धांजलि है, बल्कि समाज में मानवता, सेवा भावना और जनजागृति का अद्भुत संदेश भी देता है।
आयोजक परिवार और सेवा कार्यकर्ताओं का उद्देश्य है कि लोग बढ़-चढ़कर रक्तदान करें और प्रत्येक गांव में ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित हों।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















