सरायपाली। स्वर्गीय मोहनलाल चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में 26 नवंबर को संविधान दिवस गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल नायक ने किया। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को संविधान की शपथ दिलाई और बताया कि भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा एवं सर्वोच्च लोकतांत्रिक दस्तावेज है, जिसे संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मर्पित किया था, तथा 26 जनवरी 1950 को देश में लागू किया गया।
इसी क्रम में खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी टी.आर. धृतलहरे ने संबोधित करते हुए कहा कि भारत में “जनता का, जनता के लिए और जनता के द्वारा” चुनी गई सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर शासन चलाती है। उन्होंने बताया कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने इस महान ग्रंथ को तैयार करने में 2 वर्ष 11 माह 18 दिन का समय लगाया।
धृतलहरे ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और अधिनियमों का पालन करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली के सभी स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ लेकर दिवस की सार्थकता को पूरा किया।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















