गरियाबंद। जिले के थाना पाण्डुका क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोपरा में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए 04 अपचारी बालकों सहित कुल 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया संपूर्ण मशरूका भी बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राघवेन्द्र सिन्हा पिता स्व. शिवप्रसाद सिन्हा (उम्र 46 वर्ष), निवासी कोपरा थाना पाण्डुका ने दिनांक 09 दिसंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 08-09 दिसंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोर उनके घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और ताला तोड़कर घर में रखे भगवान की सोने की आंखें, चांदी की लक्ष्मीजी की मूर्ति, चांदी के सिक्के, चांदी की पत्तियां सहित कांस की थालियां व लोटे चोरी कर ले गए।
मामले में थाना पाण्डुका में अपराध क्रमांक 125/2025 अंतर्गत धारा 331(4), 305(2), 324, 317(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए चार अपचारी बालकों एवं दो बालिग आरोपियों—पवन निषाद (23 वर्ष) एवं खिलेश दास मानिकपुरी (19 वर्ष), दोनों निवासी अमलेश्वर जिला दुर्ग—को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया संपूर्ण सामान, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपये है, बरामद कर लिया है। चारों अपचारी बालकों को बाल संप्रेक्षण गृह बरोण्डा बाजार महासमुंद भेजा गया है, जबकि दोनों बालिग आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
इस सफल कार्रवाई में थाना पाण्डुका स्टाफ एवं स्पेशल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















