(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को गरियाबंद जिले में कांग्रेस ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के बलिदान दिवस को जनहित के मुद्दों से जोड़ते हुए व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित मिरी एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम सोनवानी के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस भवन गरियाबंद में महात्मा गांधी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात “मनरेगा बचाओ संग्राम” तथा किसानों की धान खरीदी की निर्धारित तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर तिरंगा चौक गरियाबंद में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन एवं चक्का जाम किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी जी का बलिदान केवल स्मरण का विषय नहीं, बल्कि उनके बताए सत्य, अहिंसा और जनकल्याण के रास्ते पर चलने की प्रेरणा है। इसी भावना के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम जनता, श्रमिकों और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।

धरना स्थल पर कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान में मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी योजना को सुचारू रूप से नहीं चलाया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार का संकट गहराता जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण परिवारों के लिए जीवनरेखा है, इसे कमजोर करना जनविरोधी कदम है। कांग्रेस ने मांग की कि मनरेगा में समय पर काम, मजदूरी का भुगतान और पर्याप्त बजट सुनिश्चित किया जाए।
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए नेताओं ने कहा कि धान खरीदी की निर्धारित तिथि सीमित होने से बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने से वंचित रह जाते हैं। मौसम, परिवहन और अन्य व्यावहारिक समस्याओं को देखते हुए धान खरीदी की तिथि बढ़ाया जाना अत्यंत आवश्यक है। कांग्रेस ने शासन से मांग की कि किसानों के हित में तत्काल निर्णय लेते हुए धान खरीदी की अवधि बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी किसान को नुकसान न उठाना पड़े।
इस दौरान तिरंगा चौक पर हुए चक्का जाम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को रखा। प्रदर्शन पूरी तरह अनुशासित और अहिंसक रहा, जो महात्मा गांधी जी के सिद्धांतों का प्रतीक रहा।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता युगल किशोर पांडेय, महेंद्र राजपूत, डिलेश्वर देवांगन, बीरू यादव, रमेश मेश्राम, श्रीमती श्रद्धा राजपूत, संदीप सरकार, मनीष ध्रुव, अमृत पटेल, चित्रांश ध्रुव, मुकेश रामटेके, मुकेश पांडेय, गैंद लाल सिन्हा, ऐश्वर्य यदु, हरीश देवांगन, श्रीमती सुरेखा नागेश, श्रीमती सविता गिरी, श्रीमती प्रतिभा पटेल, श्रीमती सुमंत देवांगन, श्रीमती ममता फुलझले, अवध राम यादव, अजगर खान, प्रदीप यादव, अक्तूराम यादव, सुजीत कुटारे, कादर हिंगोरा, प्रभु लाल सिन्हा, रमेश सिन्हा, डैनी बाबू, द्वारिका ठाकुर, पुरुषोत्तम घृतलहरे, कांतिलाल यादव, हेमनाथ पुजारी, सुरेश दास मानिकपूरी, पप्पू यादव, जितेश्वर साहू, सूरज यादव, अमर सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि शासन ने मनरेगा और किसानों की धान खरीदी से जुड़ी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो कांग्रेस भविष्य में और भी व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments







