(संवाद एक्सप्रेस)राजिम (गरियाबंद)।छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक नगरी राजिम के दुतकैंया गांव में रविवार को उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब मूर्ति क्षतिग्रस्त करने के पुराने विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। उग्र भीड़ ने कई घरों और वाहनों में आगजनी की, घरों में घुसकर लोगों के साथ मारपीट की और पुलिस पर भी पत्थरबाजी की गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और इलाके में कर्फ्यू जैसे हालात बन गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) और पुलिस महानिरीक्षक (IG) स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने देर रात तक कार्रवाई करते हुए हिंसा भड़काने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पुलिस पर पत्थरबाजी करने वालों की पहचान की जा रही है।
FIR दर्ज कराने वालों को बनाया गया निशाना, चार घंटे तक की गई बेरहमी से पिटाई
दरअसल, पूरा मामला अप्रैल 2024 में गांव में स्थापित शिवलिंग को क्षतिग्रस्त करने की घटना से जुड़ा है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी आरिफ खान को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हाल ही में उसके जेल से बाहर आने के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ था।
रविवार को विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने चुन-चुनकर रास्ते से गुजर रहे युवकों पर हमला किया। सबसे पहले सब-स्टेशन में ड्यूटी कर रहे अरविंद साहू पर प्राणघातक हमला किया गया, जिससे उन्हें सिर में गंभीर चोट आई। इसके बाद राजिम मेला जा रहे नरेंद्र साहू के हाथ पर धारदार हथियार से वार किया गया।
हमले यहीं नहीं रुके। रेखु यादव की भुजा पर हमला कर दिया गया, जिससे उनकी हड्डी फ्रैक्चर होने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा परमानंद साहू के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने गांव के तीन लोगों को करीब चार घंटे तक बंधक बनाकर पीटा।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, मिर्च पाउडर से भड़की आगजनी
जब इस हिंसा की खबर गांव में फैली, तो ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित ग्रामीण आरोपियों के घर की ओर बढ़े। इसी दौरान आरोपियों के घर के अंदर से कुछ लोगों ने भीड़ पर मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे हालात और बिगड़ गए।
इसके बाद उग्र भीड़ ने एक आरोपी के घर में आग लगा दी, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। आगजनी की घटना के बाद पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए अतिरिक्त बल बुलाया और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया।
गांव में सन्नाटा, बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक
फिलहाल दुतकैंया गांव में हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताए जा रहे हैं। गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। बाहरी लोगों के गांव में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजिम मेला भी हुआ प्रभावित, भीड़ रही कम
इस सांप्रदायिक हिंसा का असर राजिम मेला पर भी देखने को मिला। हालांकि मेला अपने निर्धारित समय पर बंद हुआ, लेकिन सामान्य दिनों की तुलना में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या काफी कम नजर आई। सुरक्षा कारणों से मेले में भी पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन और पुलिस ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















