(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद | राजिम थाना क्षेत्र ग्राम दुतकैया (खपरी) एक बार फिर हिंसा की आग में झुलस उठा। वर्ष 2024 में हुए बावेश्वर शिव मंदिर तोड़फोड़ कांड से जुड़ा विवाद शनिवार को गंभीर आपराधिक घटनाओं में बदल गया। एक ही दिन में मारपीट, लूट, धमकी और पथराव जैसी घटनाओं ने पूरे गांव को तनाव के साए में ला दिया।
पुराना आरोपी फिर बना बवाल की वजह
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2024 में ग्राम दुतकैया के पुराने तालाब स्थित बावेश्वर शिव मंदिर में तोड़फोड़ की घटना पर थाना राजिम में अपराध क्रमांक 173/24 दर्ज किया गया था। इस मामले में अपचारी बालक आरिफ खान को बाल सुधार गृह माना भेजा गया था, जो बाद में जमानत पर रिहा हुआ।
शनिवार को वही आरोपी एक बार फिर अपराध की धुरी बन गया।

एक दिन, चार जगह, चार वारदातें
दिनांक 01 फरवरी 2026 को आरिफ खान अपने साथियों के साथ अलग-अलग स्थानों पर हिंसक घटनाओं को अंजाम देता रहा—
1. ग्राम बासीन (थाना फिंगेश्वर) स्थित पेट्रोल पंप के पास रेखराम यादव के साथ पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट।
2. धान मंडी, ग्राम धमनी के पास ललित कुमार साहू का रास्ता रोककर गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी और मारपीट।
3. सब स्टेशन भवन, ग्राम परसदाजोशी में कार्यालय के अंदर घुसकर प्राची अरविंद साहू से मारपीट कर मोबाइल व नकदी की लूट।
4. अरंड रोड, ग्राम बकली के पास नरेंद्र कुमार साहू के साथ डंडे से मारपीट और मोबाइल लूट।
इन सभी मामलों में थाना राजिम में अपराध क्रमांक 25/26, 26/26 और 27/26 के तहत बीएनएस की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किए गए।
तीन घंटे में पुलिस की कार्रवाई
सभी घटनाओं की शिकायतें दोपहर 3 बजे से 3:30 बजे के बीच दर्ज की गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन घंटे के भीतर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और दबिश देकर उन्हें हिरासत में ले लिया।
ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, पुलिस पर हमला
आरोपियों की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही ग्राम दुतकैया में माहौल बिगड़ गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण आरोपियों के घर के पास जमा हो गए। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाने का प्रयास किया।
इस दौरान पुलिस पर पथराव और धक्का-मुक्की की गई, जिसमें 7 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल जवान और ग्रामीण अस्पताल में भर्ती
घायल पुलिसकर्मियों में से एक को रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल, रायपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य जवानों का इलाज सीएचसी राजिम में चल रहा है।
घटना में घायल ग्रामीणों में राजू खान को वीवाई हॉस्पिटल रायपुर और अनवर खान को मेकाहारा रायपुर में भर्ती कराया गया है।
गांव छावनी में तब्दील
हिंसा के बाद ग्राम दुतकैया में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। थाना प्रभारी राजिम स्वयं मौके पर डटे हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की सख़्त चेतावनी
प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि—
अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट पर निगरानी रखी जा रही है।कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन गांव में पुलिस की कड़ी निगरानी जारी है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















