(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आगामी 26 अप्रैल 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह परीक्षा राज्य के 16 जिलों में आयोजित की जा रही है। जिसमें लगभग 2 लाख 47 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिसमें प्रदेश के 33 जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संबंधित परीक्षार्थियों को परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अनिवार्य रूप से अवलोकन करें। ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे उनकी फ्रिस्किंग एवं फोटो युक्त मूल पहचान पत्र के माध्यम से सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जा सके। परीक्षा का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 12ः15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार सुबह 9ः30 बजे बंद कर दिए जाएंगे, जिसके पश्चात किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने आने के लिए कहा गया है। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी तथा गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना पूर्णतः वर्जित रहेगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा, जहां अतिरिक्त सुरक्षा जांच के उपरांत ही उन्हें ऐसी पोशाक में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनकर ही आएं। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना वर्जित रहेगा। परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट एवं टोपी आदि ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। यदि कोई अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा उसकी अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी। अभ्यर्थियों को केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















