(संवाद एक्सप्रेस)रायपुर। रायपुर में शिक्षा जगत का एक भव्य और गौरवशाली समागम देखने को मिला, जहां नवाचारी गतिविधियां समूह भारत की छत्तीसगढ़ टीम द्वारा “राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न सम्मान सह शैक्षिक संप्रवाह 2025-26” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ऐतिहासिक स्वामी आत्मानंद प्रो. जेएन. पांडेय शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित 160 उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके नवाचारी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि गरियाबंद जिला के 7 शिक्षकों ने अपनी अलग पहचान बनाते हुए जिले का गौरव बढ़ाया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण अन्य राज्यों से जुड़े नवाचारी शिक्षकों की लाइव प्रस्तुति रही, जिसने उपस्थित लोगों को काफी प्रभावित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एके शास्वत, डॉ. बी. रघु और हिमांशु भारती मौजूद रहे।

इस आयोजन को सफल बनाने में समूह प्रमुख संजीव कुमार सूर्यवंशी के साथ गरियाबंद जिला टीम के पुष्पा शुक्ला, लोकेश्वर सोनवानी, यशवंत कुमार बघेल सहित देशभर के शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
गरियाबंद के सम्मानित शिक्षक
इस अवसर पर गरियाबंद जिले से पद्मजा गुप्ता, नीता यादव (फिंगेश्वर), सोनाली मैडम (मैनपुर), मोहम्मद अनवर खान (छुरा), संतोष कुमार तांडी (छुरा) और सुशील कुमार अवस्थी (देवभोग) सहित अन्य शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
देश का सबसे बड़ा स्व-प्रेरित शिक्षक समूह
नवाचारी गतिविधियां समूह भारत देश का सबसे बड़ा स्व-प्रेरित शिक्षक समूह माना जाता है, जो सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सक्रिय है। इस समूह की विशेषता यह है कि इसके सभी सदस्य शासकीय स्कूलों में पदस्थ शिक्षक हैं, जो वर्ष 2017 से लगातार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए स्वयं प्रेरित होकर कार्य कर रहे हैं। पिछले पांच वर्षों से यह समूह इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का सफल आयोजन कर रहा है।
कई चरणों के बाद हुआ चयन
सम्मान के लिए चयन प्रक्रिया बेहद प्रतिस्पर्धी रही। समूह द्वारा आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसमें देशभर से 700 से अधिक और छत्तीसगढ़ से 400 से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए।
गठित चयन समिति ने आवेदनों की गहन जांच, दस्तावेज सत्यापन, साक्षात्कार और क्रॉस इंटरव्यू के बाद ही अंतिम सूची जारी की। इसमें केवल जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को ही स्थान मिला।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















