(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद/पाण्डुका। थाना क्षेत्र पाण्डुका अंतर्गत ग्राम पंचायत अतरमरा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बड़े पुलिया के नीचे पानी में तैरते हुए गांजा के पैकेट दिखाई दिए। इस अजीबोगरीब नजारे को देखने के लिए कुछ ही देर में ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब 68 किलो गांजा छोटे-छोटे पैकेट में पानी में तैरता हुआ मिला है। इस तरह खुलेआम पुल के नीचे नशे का जखीरा बहते देखे जाने का यह पहला मामला बताया जा रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अतरमरा क्षेत्र में पहले भी गांजा के अवैध कारोबार की चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि तस्करों ने पुलिस या अन्य दबाव के चलते गांजा को पानी में फेंक दिया होगा। यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि यह खेप जतमई मार्ग या आसपास के अंदरूनी गांवों के रास्ते यहां तक पहुंची होगी।
मोहतरा से अतरमरा के बीच स्थित बड़े पुल के नीचे संदिग्ध पैकेट तैरते देखे जाने से क्षेत्र में भय और कौतूहल का माहौल बना हुआ है।

थाना प्रभारी पाण्डुका कृष्ण कुमार जांगड़े ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि गांजा कहां से आया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस जांच के बाद ही इस ‘नशे के खेल’ से पर्दा उठने की उम्मीद है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















