(संवाद एक्सप्रेस)रायपुर/रायगढ़। मजदूर दिवस 01 मई के अवसर पर छत्तीसगढ़ दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी फेडरेशन के बैनर तले रायगढ़ में बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। विभिन्न विभागों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों, श्रमिकों एवं आउटसोर्स कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर रायगढ़ कलेक्ट्रेट का घेराव किया और वित्त मंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने अपने जन घोषणा पत्र में नियमितीकरण और स्थायीकरण का वादा किया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी इसी तरह के वादे कर कर्मचारियों को निराश किया गया है, जिससे अब कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्षों से कार्यरत दैनिक वेतनभोगियों को “बैकडोर एंट्री” बताकर नियमितीकरण से वंचित किया जा रहा है, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय तक सेवा लेने के बाद कर्मचारियों को अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद राज्य में श्रम कानूनों का समुचित पालन नहीं हो रहा है और वेतन वृद्धि भी नहीं की गई है।
फेडरेशन ने सरकार पर आरोप लगाया कि बजट और वित्तीय निर्णयों के कारण कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। इसी के विरोध में रायगढ़ स्थित वित्त मंत्री कार्यालय के घेराव का निर्णय लिया गया।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगें रखीं, जिनमें प्रमुख रूप से—
सभी दैनिक वेतनभोगियों का नियमितीकरण
2 वर्ष पूर्ण करने वालों का स्थायीकरण
वन विभाग कर्मियों के लिए सेवा नियम लागू करना
श्रम सम्मान राशि 4000 रुपये का भुगतान
केंद्र के समान वेतन और श्रम कोड लागू करना
स्कूल सफाई कर्मचारियों को पूर्णकालिक दर्जा
आउटसोर्स/प्लेसमेंट प्रथा समाप्त करना
रिक्त पदों पर पहले दैनिक कर्मचारियों को समायोजन
मजदूर दिवस को शासकीय अवकाश घोषित करना
निधन पर 10 लाख रुपये अनुकम्पा सहायता और नौकरी
फेडरेशन के संयोजक रामकुमार सिन्हा, संगठन मंत्री विजय पटेल, प्रवक्ता मनोज सोना, प्रचार मंत्री डोगेश्वर पटेल सहित कई पदाधिकारियों ने प्रदेश भर के कर्मचारियों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की थी, जिसके चलते बड़ी संख्या में कर्मचारी रायगढ़ पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान प्रशासन को चेतावनी दी गई कि यदि जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आने वाले समय में आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















