(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने गरियाबंद में आयोजित प्रेसवार्ता में राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 1 अगस्त से महंगी बिजली, स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के खिलाफ दो माह का प्रदेशव्यापी अभियान शुरू किया है। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा और विधायक जनक ध्रुव सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में प्रशासनिक अराजकता और भय का माहौल है तथा जनप्रतिनिधियों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि सांसदों को भी अपने अधिकारों की रक्षा के लिए शिकायत करनी पड़ रही है, तो आम जनता की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।
उन्होंने सारंगढ़ क्षेत्र में अनुसूचित वर्ग के दो लोगों की गोली मारकर हत्या की घटना का उल्लेख करते हुए सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया। बैज ने कहा कि मृतकों के पार्थिव शरीर को परिजनों तक सम्मानपूर्वक पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार पिछड़े वर्गों का शोषण कर रही है और जनता का विश्वास खो चुकी है।

बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ अभियान
बैज ने बताया कि कांग्रेस अगले दो महीनों तक घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेगी और महंगी बिजली, स्मार्ट मीटर तथा बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में हस्ताक्षर और आवेदन एकत्र करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में पांच बार बिजली दरों में वृद्धि कर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है।
उन्होंने सरकार से 400 यूनिट तक बिजली बिल माफी योजना लागू करने की मांग की। उनके अनुसार अभियान के अगले चरण में ब्लॉक स्तर पर बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव, जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन और अंत में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
‘महतारी वंदन’ हितग्राहियों तक पहुंचेगी कांग्रेस
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता ‘महतारी वंदन’ योजना के हितग्राहियों तक भी पहुंचेंगे और सरकार की नीतियों तथा स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर जनजागरण करेंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रदेश के प्रत्येक जिले, ब्लॉक, पंचायत और मतदान केंद्र तक चलाया जाएगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर में अडानी समूह के उत्पादों का उपयोग किया जा रहा है और कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। साथ ही जंतर-मंतर की एक घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने छात्रों और युवाओं के साथ कथित बर्बरतापूर्ण व्यवहार की भी आलोचना की।
प्रेसवार्ता के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता के हितों के मुद्दों पर आंदोलन जारी रखेगी और सरकार की नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















