नागेन्द्र दुबे की रिपोर्ट
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कुंवारपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत डोंगरी टोला (चांटी) से एक बेहद दर्दनाक और दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां तेंदुए के हमले में एक ग्रामीण बुजुर्ग की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग देर रात घर से शौच के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। काफी देर तक जब बुजुर्ग वापस नहीं लौटे तो परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। बाद में जंगल में उनका शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही कुंवारपुर वन परिक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वन विभाग द्वारा तत्काल राहत के रूप में मृतक के परिजनों को 25,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और रात के समय अकेले बाहर न निकलने की अपील की है। वहीं, विभाग द्वारा तेंदुए की तलाश के लिए अभियान चलाने की बात कही जा रही है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















