(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। प्रधानमंत्री की हालिया अपील को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पूर्व मंत्री एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धनेन्द्र साहू ने आरोप लगाया कि डीजल, पेट्रोल और गैस संकट से जूझ रही जनता को राहत देने के बजाय केंद्र सरकार लोगों को “कम उपयोग” की सलाह देकर उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रही है।
स्थानीय रेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में धनेन्द्र साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री किसानों को उर्वरक कम इस्तेमाल करने, कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम अपनाने, महिलाओं को खाद्य तेल और गैस की खपत कम करने, लोगों को सोना खरीदने और विदेश यात्राओं से बचने की सलाह दे रहे हैं, जबकि सरकार का काम संकट का समाधान करना है।

कांग्रेस ने उर्वरक संकट को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। नेताओं का कहना है कि देश में कई वर्षों से खाद की कमी बनी हुई है, जिससे किसानों को समय पर उर्वरक नहीं मिल पा रहा है। कांग्रेस का दावा है कि छत्तीसगढ़ में करीब 15 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की आवश्यकता है, लेकिन अभी तक सीमित मात्रा ही समितियों तक पहुंची है, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ रही है।
वर्क फ्रॉम होम संबंधी बयान पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि फेरी लगाने वाले, छोटे व्यापारी, मजदूर और फील्ड में काम करने वाले लोग घर बैठकर रोजगार नहीं चला सकते। उन्होंने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने “आराम हराम है” का संदेश दिया था, जबकि वर्तमान सरकार लोगों को कम काम करने की सलाह दे रही है।
पत्रकार वार्ता में महंगाई और ईंधन संकट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल, गैस और खाद्य तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। साथ ही छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में डीजल-पेट्रोल की कमी और कमर्शियल गैस संकट से आम लोगों के साथ उद्योग भी प्रभावित हो रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि महंगाई, बेरोजगारी, टोल टैक्स, रेल किराया और जीएसटी के बढ़ते बोझ से आम परिवारों की बचत कम हो गई है और लोग जरूरतें पूरी करने के लिए कर्ज लेने को मजबूर हैं।
पत्रकार वार्ता के अंत में कांग्रेस ने केंद्र सरकार से महंगाई, ईंधन संकट और बेरोजगारी पर ठोस नीति बनाकर जनता को राहत देने की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा, विधायक जनक ध्रुव सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















