(संवाद एक्सप्रेस)रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल अंतर्गत छाल रेंज में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां हाथियों के दल के साथ तालाब में नहाने उतरा एक शावक डूब गया। मृत शावक की उम्र करीब 2 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद हाथियों का पूरा दल कई घंटों तक तालाब किनारे डटा रहा, जिससे वन विभाग की टीम को शव तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक छाल रेंज के लोटान बीट क्षेत्र में इन दिनों लगभग 70 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। बीती रात 38 हाथियों का एक दल पानी पीने और नहाने के लिए गांव के पास स्थित तालाब पहुंचा था। इसी दौरान एक शावक गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार शावक की मौत के बाद हाथियों का दल रातभर तालाब के आसपास मंडराता रहा। हाथियों के आक्रामक व्यवहार के कारण ग्रामीण और वन अमला सुबह तक मौके के करीब नहीं जा सके। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से शावक के शव को तालाब से बाहर निकालकर दफनाने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद वन विभाग आगे की कार्रवाई में जुट गया है।
बताया जा रहा है कि छाल रेंज में पिछले एक महीने के भीतर यह तीसरे हाथी शावक की मौत है। लगातार हो रही घटनाओं ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और हाथियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इधर ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि हाथियों की सुरक्षा और निगरानी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। लोगों ने वन विभाग की सुस्ती और सुरक्षा उपायों की कमी को लेकर नाराजगी जताई है।
वन विभाग का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शावक की मौत के कारणों का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















