(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। शहर स्थित न्यू सर्किट हाउस में रविवार सुबह करीब 6:30 बजे अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले सर्किट हाउस के स्टोर रूम में लगी, जो देखते ही देखते किचन तक फैल गई। आग की चपेट में आने से फ्रिज, अलमारी, सीलिंग फैन समेत बड़ी मात्रा में रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आग अन्य हिस्सों में नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की जानकारी मिलने पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। वहीं विभागीय अधिकारियों द्वारा नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार आग की लपटें और धुआं दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















