(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। शायद जुआरियों को लगा होगा कि उप जेल के पीछे बैठकर ताश की बाजी खेलने से किस्मत भी साथ देगी और पुलिस की नजर भी नहीं पड़ेगी। लेकिन किस्मत ने ऐसा पलटा खाया कि ‘काट पत्ती’ का खेल सीधे थाने तक पहुंच गया।
गरियाबंद पुलिस और स्पेशल टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम आमदी स्थित उप जेल के पीछे दबिश देकर 52 पत्ती ताश के साथ जुआ खेल रहे 8 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। हालांकि पुलिस को देखते ही कुछ खिलाड़ी अपनी ‘बाजी’ छोड़कर मैदान से नौ-दो ग्यारह हो गए, लेकिन आठ लोग मौके पर ही धर लिए गए।
पुलिस ने मौके से कुल 8,770 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है। पकड़े गए आरोपियों में मिथलेश ध्रुव, राम ध्रुव, तुकाराम ध्रुव, कुलेश्वर ध्रुव, महेश ध्रुव, रूमेश ध्रुव, हेम कुमार ध्रुव और हेमलाल दीवान शामिल हैं।

जानकारों का कहना है कि जुआरियों ने शायद यह सोचकर जगह चुनी थी कि जेल के पीछे खेलेंगे तो सुरक्षा भी रहेगी, लेकिन पुलिस ने साबित कर दिया कि कानून की नजर से कोई जगह दूर नहीं होती। ताश की बाजी में किस्मत आजमाने निकले खिलाड़ियों की बाजी इस बार पुलिस के नाम रही।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















