(संवाद एक्सप्रेस)देवभोग/गरियाबंद। रथयात्रा पर्व के दिन गरियाबंद जिले में कुछ ही घंटों के भीतर तीन अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए। सबसे गंभीर दुर्घटना अमलीपदर में हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई और 23 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इससे पहले उसी युवक ने उसरीजोर क्षेत्र में सड़क किनारे चल रही दो महिलाओं को भी टक्कर मार दी थी। वहीं देवभोग और मदांगमुंडा के पास हुए दो अन्य हादसों में भी लोग घायल हुए। राहत की बात यह रही कि तीनों घटनाओं में किसी की जान नहीं गई।

उसरीजोर में दो महिलाओं को टक्कर, अमलीपदर में पलटी बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए पहले उसरीजोर क्षेत्र में सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को टक्कर मारकर आगे निकल गया। इसके बाद अमलीपदर स्थित आयुष ढाबा के सामने श्मशान घाट के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के ईएमटी मनीष कुमार साहू और पायलट उपेंद्र यादव मौके पर पहुंचे तथा घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमलीपदर पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस टीम की तत्परता की सराहना की।
देवभोग में दो बाइकों की भिड़ंत
इससे पहले सियारलटी पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में नरेश यादव घायल हो गए। डायल-112 की टीम ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग पहुंचाया। उनके साथ बाइक पर सवार एक अन्य युवक को भी मामूली चोटें आईं।

मदांगमुंडा में बाइक-साइकिल की टक्कर
करीब तीन घंटे पहले गोहरापदर-ध्रुवागुड़ी मार्ग पर मदांगमुंडा के पास बाइक और साइकिल की टक्कर में नगरी निवासी 50 वर्षीय बलू साहू घायल हो गए। उन्हें भी उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग में भर्ती कराया गया।
तेज रफ्तार और लापरवाही पर उठे सवाल
रथयात्रा के कारण जिलेभर में श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रही। ऐसे में लगातार तीन सड़क दुर्घटनाओं ने तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















