(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के पीपरछेड़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के एक पशुपालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसा मौहाभाटा और पीपरछेड़ी के बीच हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान के दो पशुपालक मोटरसाइकिल से मौहाभाटा से पीपरछेड़ी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहे रामनिवास (करीब 60 वर्ष) के सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति हादसे में मामूली रूप से घायल हुआ।

मृतक रामनिवास राजस्थान के नागौर जिले के पादुकला गांव का निवासी बताया गया है और पशुपालन का कार्य करता था।
घटना की सूचना मिलते ही पीपरछेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















