(संवाद एक्सप्रेस)छुरा। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जतमई धाम में महिला से करीब 3 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन स्नेचिंग के मामले में छुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के नागपुर क्षेत्र से जुड़े 7 संदिग्ध आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इनके कब्जे से सोने की चेन जैसी वस्तु बरामद की है। मामले में थाना छुरा में अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत धारा 304(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
जतमई धाम में महिला को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार ग्राम फरफौद, थाना आरंग, जिला रायपुर निवासी नेमिन चंद्राकर पति स्व. मुन्ना चंद्राकर उम्र 55 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2 बजे जतमई धाम में अज्ञात आरोपियों ने उनके गले से करीब 2 तोला वजन की सोने की चेन पार कर दी। वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार चेन की कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
घटना की शिकायत मिलते ही छुरा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
सीसीटीवी ने दिखाई संदिग्धों की तस्वीर
पुलिस ने जतमई धाम एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों और वाहन की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस ने संभावित मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान काले रंग की कार क्रमांक MH 49 CS 2471 को रोककर उसमें सवार संदिग्धों से पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से सोने की चेन जैसी वस्तु बरामद होने पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई की।
नागपुर क्षेत्र से जुड़े 7 संदिग्ध हिरासत में
पुलिस कार्रवाई में रौनक पानतावणे (30), सीमा पात्रे (40), विध्या उफाडे (30), मुस्कान पात्रे (26), मीना खडसे (35), नंदिनी पाथरे (30) और छाया उफाडे (50) को संदिग्ध के रूप में पकड़ा गया है। सभी के पते महाराष्ट्र के नागपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के बताए गए हैं।
पुलिस ने बरामद वस्तु को जब्ती में लेकर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि जतमई धाम में हुई चेन स्नेचिंग की घटना में इनकी क्या भूमिका थी तथा इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
धार्मिक स्थल पर वारदात से मचा हड़कंप
जतमई धाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल पर दिनदहाड़े महिला की सोने की चेन स्नेचिंग की घटना से श्रद्धालुओं में भी चिंता फैल गई थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
छुरा पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपियों की भूमिका, बरामद चेन और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















