(संवाद एक्सप्रेस)मैनपुर। क्षेत्र में हरेली तिहार के दिन एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मैनपुर थाना मुख्यालय से लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम भाठीगढ़ में 28 वर्षीय युवक एवन साय धुरवा ने अपने खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, एवन साय धुरवा हरेली तिहार के अवसर पर छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुसार अपने खेत में भेलवा डारा डालकर पूजा-अर्चना करने गया था। इसी दौरान उसने खेत में स्थित लाख के पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
ग्रामीणों के अनुसार, एवन साय अपने परिवार का इकलौता बेटा था और मिलनसार व हंसमुख स्वभाव के कारण गांव में सभी के बीच लोकप्रिय था। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलने पर मैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। हरेली जैसे पारंपरिक पर्व के दिन हुई इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















