(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद/छुरा। जिले में अवैध रूप से हीरा एवं अन्य खनिज पदार्थों के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छुरा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 नग चमकीले पत्थर, जिन्हें हीरा बताया गया है, बरामद किए हैं। जब्त हीरों की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक पल्सर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 83 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश एवं मार्गदर्शन में जिले के थाना क्षेत्रों में अवैध गांजा, शराब और हीरा के परिवहन एवं बिक्री पर कार्रवाई के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। इसी क्रम में 22 सितंबर 2026 को थाना छुरा पुलिस को सूचना मिली कि एक पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QH 5325 में तीन व्यक्ति रसेला-खरखरा मार्ग से अवैध रूप से बहुमूल्य खनिज पदार्थ हीरा लेकर जा रहे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने रसेला-खरखरा मार्ग के देवरी धामनडीह तिराहा मोड़ के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए की पल्सर मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली।
तलाशी के दौरान लिलेश्वर नायक के जींस की जेब से सफेद कागज में लिपटे तीन नग चमकीले पत्थर तथा एक ओप्पो मोबाइल फोन, हेमकुमार यादव के शर्ट की जेब से तीन नग पत्थर तथा एक लावा मोबाइल फोन और पुरण नायक के शर्ट की जेब से दो नग पत्थर तथा एक विवो मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पुलिस ने तीनों के कब्जे से कुल 8 नग हीरा बताए गए बहुमूल्य खनिज पदार्थ, एक पल्सर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए। पुलिस के मुताबिक हीरों की कीमत करीब 80 हजार रुपये, मोटरसाइकिल की कीमत 90 हजार रुपये और मोबाइल फोन की कुल कीमत 13 हजार रुपये है।
पुलिस ने आरोपियों लिलेश्वर नायक (26), हेमकुमार यादव (65) और पुरण नायक (33) के खिलाफ धारा 303(2), 3(5) बीएनएस तथा माइनिंग एक्ट की धारा 21(4), 21(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











