(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के पांडुका-कोपरा मार्ग पर सरकड़ा के पास सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब रायपुर से गरियाबंद की ओर आ रही एक चलती आर्टिका कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वाहन धू-धू कर जलता नजर आ रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चल रही थी, तभी उसमें से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ। चालक स्थिति को समझ पाता, उससे पहले ही आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोका और तत्काल बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई।

बताया जा रहा है कि घटना के समय क्षेत्र में तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस था। भीषण गर्मी के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सड़क पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था। घटना के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















