(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के पाण्डुका थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकदा पिकअप वियर (डैम) में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। रायपुर से पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक और युवती की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के मुताबिक रायपुर के शंकर नगर क्षेत्र से चार लोग कार में सवार होकर कुकदा डैम घूमने पहुंचे थे। पिकनिक के दौरान युवक और युवती डैम में नहाने उतरे, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। साथ आए अन्य दो लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

हादसे में मृत युवती की पहचान 22 वर्षीय सिंपी सक्सेना और युवक की पहचान 30 वर्षीय पीयूष मंडल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पाण्डुका पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों के शवों को बाहर निकाला गया।
एसडीओपी निशा सिन्हा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कुकदा डैम में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। हर साल बड़ी संख्या में लोग यहां पिकनिक मनाने पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों की कमी के चलते दुर्घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि डैम और पिकनिक स्थलों पर नहाने के दौरान सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















