(संवाद एक्सप्रेस) गरियाबंद। वन शहीद दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रायपुर में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से वन विभाग के कर्मचारी एवं संघ के पदाधिकारी एकत्र हुए। इस दौरान वन की सुरक्षा करते हुए शहीद हुए वन कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कर्मचारियों ने शहीदों के योगदान को याद करते हुए वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
वन शहीद दिवस कार्यक्रम के बाद छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजीत दुबे की अध्यक्षता में कर्मचारियों की आम बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन विभाग में प्रस्तावित ठेका पद्धति लागू करने की नीति को लेकर कर्मचारियों ने कड़ा विरोध जताया।
संघ के प्रांतीय महामंत्री मो. सलीम ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) अरुण पांडे द्वारा वन विभाग में ठेका पद्धति लागू करने की तैयारी का कर्मचारी विरोध करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेका पद्धति लागू होने से विभागीय कार्यों में कर्मचारियों की भूमिका प्रभावित होगी और इसका लाभ कुछ चुनिंदा लोगों को दिए जाने की आशंका है।

स्थानांतरण नीति पर भी जताई नाराजगी
बैठक में कर्मचारियों ने स्थानांतरण को लेकर भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई। मो. सलीम ने कहा कि स्थानांतरण के नाम पर कर्मचारियों को प्रताड़ित किए जाने की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी संघ इस तरह की नीति का विरोध करता है और कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर संगठन एकजुट होकर संघर्ष करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि भवन निर्माण जैसे कार्यों को ठेका पद्धति के तहत कराया जाता है तो संबंधित कार्यों के बिल एवं दस्तावेजों पर हस्ताक्षर की जिम्मेदारी रेंजर, एसडीओ और वनमंडलाधिकारी स्तर के अधिकारियों की होगी। निचले स्तर के कर्मचारियों द्वारा ऐसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर नहीं किए जाएंगे।
प्रदेशभर के पदाधिकारियों ने किया आंदोलन का समर्थन
बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे वन कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने भी अपनी बात रखी। सभी ने ठेका पद्धति और स्थानांतरण नीति का विरोध करते हुए संघ की प्रस्तावित हड़ताल का समर्थन किया। प्रांत उपाध्यक्ष पवन रूपलिया ने भी ठेका पद्धति और स्थानांतरण के मुद्दे पर कर्मचारियों के पक्ष में आवाज उठाई।
पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं का समाधान नहीं होने की स्थिति में संगठन आंदोलन को आगे बढ़ाएगा। बैठक में मौजूद कर्मचारियों ने भी एकजुटता दिखाते हुए हड़ताल के निर्णय का समर्थन किया।

जल्द होगा PCCF कार्यालय का घेराव : अजीत दुबे
बैठक के अंत में प्रदेश अध्यक्ष अजीत दुबे ने कहा कि वन कर्मचारी संघ जल्द ही प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय का घेराव करेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन पीछे नहीं हटेगा और जरूरत पड़ने पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
वन शहीद दिवस के मौके पर आयोजित बैठक में प्रदेशभर से पहुंचे कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने एक स्वर में विभागीय नीतियों का विरोध करते हुए कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











